अजमेर|उर्स के शांतिपूर्वक समापन पर सोमवार को जिला प्रशासन ने ख्वाजा साहब का शुक्राना अदा किया। प्रशासनिक अधिकारी बैंडवादन और कव्वाली के साथ धूमधाम से गरीब नवाज के दर मखमल की चादर और अकीदत के फूलों का नजराना लेकर पहुंचे। सोमवार सुबह करीब 11 बजे कलेक्टर वैभव गालरिया, एसपी गौरव श्रीवास्तव के नेतृत्व में संपूर्ण प्रशासनिक व पुलिस अमला दरगाह पहुंचा। ,
अधिकारी दरगाह के बुलंद दरवाजे से चादर को जुलूस के रूप में लेकर रवाना हुए। आगे सीआरपीएफ के बैंडवादक सूफियाना धुन बजा रहे थे और दरगाह की शाही चौकी के कव्वाल असरार हुसैन और साथी गरीब नवाज की शान में मनकबत के नजराने पेश करते हुए चल रहे थे। जुलूस दरगाह में विभिन्न मार्गों से होता हुआ आस्ताना शरीफ पहुंचा। गरीब नवाज की मजार पर मखमल की चादर और अकीदत के फूल पेश किए गए। खादिम सैयद मुकद्दस मोईनी नेे शुक्राना की चादर चढ़वाई और सभी अधिकारियों की दस्तारबंदी की।
दस्तारबंदी कर इस्तकबाल : अंजुमन सैयदजादगान के सदर सैयद हिसामुद्दीन नियाजी व सचिव सैयद वाहिद हुसैन अंगाराशाह, अंजुमन शेखजादगान के उपाध्यक्ष एस. मोहम्मद आरिफ चिश्ती, सचिव एस. हफीजुर्रहमान चिश्ती आदि ने कलेक्टर, एसपी समेत सभी अधिकारियों की दस्तारबंदी की और तबर्रुक भेंट किया।
ये भी थे :इस मौके पर मेला मजिस्ट्रेट एवं एडीएम सिटी जे के पुरोहित, एएसपी डॉ$ रामदेव सिंह व नरेंद्र सिंह चौधरी एवं अन्य पुलिस अधिकारी, नगर निगम की मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनीता श्रीवास्तव, डीएसओ सुनीता डागा, सहायक कलक्टर अनिता चौधरी, आरटीओ सत्येंद्र कुमार नामा, डीटीओ सुधीर बंसल, दरगाह कमेटी के दारोगा मोबीन अहमद खान, उप निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्यारे मोहन त्रिपाठी सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
प्रशासन ने चादर पेश कर शुक्राना अदा किया
No comments:
Post a Comment