Tuesday, 21 May 2013

प्रशासन ने चादर पेश कर शुक्राना अदा किया


फोटो: बाल किशन शर्मा

फोटो: बाल किशन शर्मा


अजमेर|उर्स के शांतिपूर्वक समापन पर सोमवार को जिला प्रशासन ने ख्वाजा साहब का शुक्राना अदा किया। प्रशासनिक अधिकारी बैंडवादन और कव्वाली के साथ धूमधाम से गरीब नवाज के दर मखमल की चादर और अकीदत के फूलों का नजराना लेकर पहुंचे। सोमवार सुबह करीब 11 बजे कलेक्टर वैभव गालरिया, एसपी गौरव श्रीवास्तव के नेतृत्व में संपूर्ण प्रशासनिक व पुलिस अमला दरगाह पहुंचा। ,


अधिकारी दरगाह के बुलंद दरवाजे से चादर को जुलूस के रूप में लेकर रवाना हुए। आगे सीआरपीएफ के बैंडवादक सूफियाना धुन बजा रहे थे और दरगाह की शाही चौकी के कव्वाल असरार हुसैन और साथी गरीब नवाज की शान में मनकबत के नजराने पेश करते हुए चल रहे थे। जुलूस दरगाह में विभिन्न मार्गों से होता हुआ आस्ताना शरीफ पहुंचा। गरीब नवाज की मजार पर मखमल की चादर और अकीदत के फूल पेश किए गए। खादिम सैयद मुकद्दस मोईनी नेे शुक्राना की चादर चढ़वाई और सभी अधिकारियों की दस्तारबंदी की।


दस्तारबंदी कर इस्तकबाल : अंजुमन सैयदजादगान के सदर सैयद हिसामुद्दीन नियाजी व सचिव सैयद वाहिद हुसैन अंगाराशाह, अंजुमन शेखजादगान के उपाध्यक्ष एस. मोहम्मद आरिफ चिश्ती, सचिव एस. हफीजुर्रहमान चिश्ती आदि ने कलेक्टर, एसपी समेत सभी अधिकारियों की दस्तारबंदी की और तबर्रुक भेंट किया।


ये भी थे :इस मौके पर मेला मजिस्ट्रेट एवं एडीएम सिटी जे के पुरोहित, एएसपी डॉ$ रामदेव सिंह व नरेंद्र सिंह चौधरी एवं अन्य पुलिस अधिकारी, नगर निगम की मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनीता श्रीवास्तव, डीएसओ सुनीता डागा, सहायक कलक्टर अनिता चौधरी, आरटीओ सत्येंद्र कुमार नामा, डीटीओ सुधीर बंसल, दरगाह कमेटी के दारोगा मोबीन अहमद खान, उप निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्यारे मोहन त्रिपाठी सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।



Monday, 20 May 2013

बड़ा कुल हुआ, 801वां उर्स संपन्न


BP661665-largeभास्कर न्यूज त्न अजमेर


महान सूफी संत हजरत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती के 801वें उर्स का सोमवार को बड़े कुल के छींटों के साथ समापन हो गया। इसके साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों से आए जायरीन वापस लौट गए और दरगाह क्षेत्र में पिछले 15 दिनों से जारी रौनक भी फीकी पड़ गई। सोमवार सुबह 8 बजे आस्ताना शरीफ जायरीन के लिए बंद कर दिया गया। खुद्दामे ख्वाजा ही आस्ताना शरीफ में रहे। खादिमों ने परंपरा के मुताबिक गरीब नवाज की मजार को केवड़े और गुलाब जल से गुस्ल दिया।


मजार शरीफ को संदल पेश की गई। फातिहा के बाद मौजूद जायरीन और देशवासियों के लिए दुआ की गई। इधर आस्ताना शरीफ के बाहर देश भर से आए जायरीन ने केवड़े, गुलाब जल और सादा पानी से दरगाह परिसर व आस्ताना शरीफ के दरो-दीवार की धुलाई की। अनेक अकीदतमंद इस पानी को बतौर तबर्रुक बोतलों में भरने लगे और अपने साथ ले गए। महिलाओं ने भी दरगाह के अहाता ए नूर की फर्श आदि की धुलाई की। कुछ अकीदतमंद ने गाजेबाजे के साथ कुल की रस्म में शिरकत की। अहाता ए नूर, अरकाट का दालान, सेहन बाबा फरीद समेत विभिन्न हिस्सों में जायरीन ही जायरीन नजर आ रहे थे।


नियाज दिलाई, तबर्रुक तकसीम किया


इधर अनेक जायरीन ने इस मौके पर नियाज दिलाई और तबर्रुक तकसीम किया। इस तबर्रुक को पाने के लिए जायरीन में होड़ लगी नजर आई। इधर घरों में भी नियाज दिला कर तबर्रुक तकसीम किया गया। खादिमों ने भी लौटने वाले मेहमानों की दस्तारबंदी की और उन्हें तबर्रुक भेंट कर विदा किया। जायरीन लौटे बड़े कुल की रस्म के समापन के साथ ही सुबह करीब 11 बजे से ही दरगाह बाजार, नला बाजार और आसपास के क्षेत्रों से जायरीन के लौटने का सिलसिला शुरू हो गया। बैग और सूटकेस-थैले उठाए जायरीन के अलग-अलग समूह पैदल ही रेलवे स्टेशन, फव्वारा सर्किल की ओर जाते नजर आए। जिन जायरीन के पास अधिक सामान था वे हाथ ठेलों में सामान लदवा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड की ओर जाते दिखे। विभिन्न क्षेत्रों से शाम तक जायरीन के लौटने का क्रम देर शाम तक बना हुआ था। दरगाह बाजार में भी रौनक कम हो गई थी।


उर्स के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 23 हजार से अधिक रोगियों का उपचार किया। उर्स के मद्देनजर विभाग ने शहर में 10 अस्थायी डिस्पेंसरी लगाई। जहां रोगियों का निशुल्क उपचार कर दवा दी गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ लक्ष्मण हरचंदानी ने बताया कि विभाग द्वारा लगाई गई अस्थायी डिस्पेंसरियों में 23 हजार 949 जायरीन रोगियों का उपचार किया गया। 89 रोगियों को रेफर किया गया जिनमें से 45 को जेएलएन अस्पताल में भर्ती किया गया। बुखार के 145, उल्टी-दस्त के 46, उल्टी के 597, दस्त के 733 रोगियों का उपचार कर निशुल्क दवा दी गई।


तारागढ़ स्थित हजरत मीरां सैयद खिंग सवार की दरगाह में मंगलवार को शहजादा अली असगर का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस मौके पर चरागां होगा और महफिल-ए-मीलाद होगी। तारागढ़ दरगाह इंतेजामिया कमेटी के सचिव सैयद सगीर अब्बास के मुताबिक रजब की 10 तारीख को शहजादा अली असगर का जन्मोत्सव का दिन है। अब्बास के मुताबिक अली असगर करबला के सबसे मासूम शहीद हैं, जिनकी शहादत के समय 6 महीने की आयु थी। इस मौके पर अंजुमन गुलशन-ए-जाफरिया की ओर से आयोजन होंगे।



उर्स स्पेशल का संचालन बांद्रा से आज होगी रवाना


14mar_railwayख्वाजा गरीब नवाज के 801वें उर्स में जायरीन की सुविधा के लिए रेल प्रशासन द्वारा बांद्रा टर्मिनस-अजमेर (एक तरफा) उर्स स्पेशल का संचालन किया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी तरुण जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09610 बांद्रा टर्मिनस-अजमेर उर्स स्पेशल 21 मई को बांद्रा टर्मिनस से 17$ 45 बजे रवाना होकर 22 मई को 17$ 30 बजे अजमेर पहुंचेगी। यह गाड़ी बोरीवली, वापी, वलसाड, सूरत, बड़ोदरा, अहमदाबाद, पालनपुर, आबूरोड, फालना, ब्यावर, एवं दौराई स्टेशनों पर ठहराव करेगी।


डिब्बों में स्थायी बढ़ोतरी : अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए रेल प्रशासन ने मुज्जफरपुर-अहमदाबाद-मुज्जफरपुर जन साधारण एक्सप्रेस एवं राजेंद्र नगर-अजमेर-राजेंद्र नगर इबादत एक्सप्रेस के डिब्बों में स्थायी बढ़ोतरी की है। मुज्जफरपुर-अहमदाबाद-मुज्जफरपुर जन साधारण एक्सप्रेस में 4 द्वितीय साधारण श्रेणी डिब्बों की स्थायी बढ़ोतरी की गई। गाड़ी संख्या 15269/15270, मुज्जफरपुर-अहमदाबाद-मुज्जफरपुर जन साधारण एक्सप्रेस में मुज्जफरपुर से 23 मई से एवं अहमदाबाद से 26 मई से 4 द्वितीय साधारण श्रेणी डिब्बों की स्थायी बढ़ोतरी की गई।



महिला कव्वालों ने पेश किए सूफियाना कलाम


9248_92एक दिन के बादशाह का उर्स धूमधाम से मनाया


एक दिन के बादशाह निजाम सक्का का उर्स सोमवार को दरगाह परिसर में धूमधाम से मनाया गया। उर्स में अब्बासियान समाज के लोगों ने शिरकत की और गरीब नवाज की मजार के साथ ही एक दिन के बादशाह की मजार पर चादर पेश की। जोहर की नमाज के बाद अहाता-ए-नूर के पास स्थित एक दिन के बादशाह की मजार को गुस्ल दिया गया। नौजवान अब्बासियान(भिश्ती) संस्था के पूर्व अध्यक्ष मच्छू खान अब्बासी भिश्ती समेत विभिन्न गणमान्य लोग भी शरीक थे। इस मौके पर अजीम व पप्पन कव्वाल ने सूफियाना कलाम पेश किए। मकबूल अहमद व ख्वाजा अहमद चिश्ती ने उर्स में शरीक हुए गणमान्य लोगों की दस्तारबंदी की।


मशहूर महिला कव्वाल परवीन रंगीली ने भी उर्स के मौके पर गरीब नवाज की मजार पर चादर पेश की।


गरीब नवाज के 801वें उर्स के मौके पर सोमवार को झालरा स्थित उस्मानी मोईनी गुदड़ीशाही खानकाह में महफिल ए रिंदा का आयोजन हुआ। देर रात तक चली महफिल में मशहूर महिला कव्वालों ने सूफियाना कलाम पेश किए। दरगाह में आस्ताना शरीफ मामूल होने के बाद खानकाह में हजरत इनाम हसन गुदड़ीशाह पंचम की सदारत में महफिल की शुरुआत हुई। मशहूर महिला कव्वाल परवीन रंगीली के साथ ही हिना परवीन, शमा तबस्सुम और कौसर लखनवी ने गरीब नवाज की शान में मनकबत के नजराने पेश किए। इस मौके पर खासी तादाद में अकीदतमंद मौजूद थे।


जश्न ए गरीब नवाज : दरगाह में जश्न-ए-गरीब नवाज का आयोजन हुआ। अहाता-ए-नूर में जश्न की शुरुआत कुरान शरीफ की तिलावत से हुई।



28 हजार से अधिक जायरीन को मुफ्त दवा


imagesउर्स के मौके पर दरगाह में ख्वाजा गरीब नवाज फ्री मेडिकल कैंप में 28 हजार 2 सौ 35 जायरीन का उपचार किया गया। इन जायरीन को 1 लाख रुपए से अधिक दवाएं मुफ्त दी गईं। गरीब नवाज मेडिकल फाउंडेशन व आल इंडिया मिल्ली सेक्रेटेरियट की ओर से रजब की एक तारीख से दरगाह की अकबरी मस्जिद के नीचे मेडिकल कैंप लगाया गया था। संयोजक डॉ सलीम कादरी की अगुवाई में डॉ अशरफ कादरी, डॉ निसार पठान, डॉ जब्बार कुरैशी, डॉ बदरे आलम, डॉ नसीमुद्दीन, डॉ अल्ताफ, डॉ असलम मर्चेंट, डॉ अब्दुल रहीम और डॉ माचिस वाला समेत 20 डॉक्टर और इतने ही पैरामेडिकल स्टाफ ने 24 घंटे सेवाएं दीं। शिविर के समाप्त होने तक मरीजों का तांता लगा रहा। जितनी दवाएं लाई गई थी वो समाप्त हो गई।



Sunday, 19 May 2013


shivraj645_1288651924अजमेर| उर्स के मौके पर रविवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ओर से चादर पेश की गई। राज्य के पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम के उपाध्यक्ष एस के मुद्दीन की अगुवाई में आए प्रतिनिधिमंडल ने यह चादर पेश की और सूबे की खुशहाली व तरक्की के लिए दुआ की। उपाध्यक्ष एस के मुद्दीन के साथ आए प्रतिनिधिमंडल का दरगाह के निजामगेट पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अब्दुल वहीद खान ने स्वागत किया। बुलंद दरवाजे से सिर पर चादर और अकीदत के फूल लेकर मुद्दीन रवाना हुए। आस्ताना शरीफ पहुंच कर गरीब नवाज की मजार पर अकीदत का नजराना पेश किया।



निजाम सक्का का उर्स आज


P1060345भास्कर न्यूजत्न अजमेर


एक दिन के बादशाह निजाम सक्का का उर्स दरगाह परिसर में सोमवार को मनाया जाएगा। उर्स में शिरकत के लिए विभिन्न हिस्सों से अब्बासी समाज के लोग आएंगे। नौजवान अब्बासियान (भिश्ती) संस्था के पूर्व अध्यक्ष मच्छू खान अब्बासी भिश्ती के मुताबिक 9 रजब को जोहर की नमाज के बाद उर्स की शुरुआत होगी। शाम चार बजे चादर पेश की जाएगी। इस मौके पर अजीम व पप्पन कव्वाल सूफियाना कलाम पेश करेंगे। भिश्ती समाज व कौम की ओर से पहले गरीब नवाज के आस्ताने पर चादर पेश की जाएगी। दस्तारबंदी मकबूल अहमद व ख्वाजा अहमद चिश्ती करेंगे।